Edited By Neetu Bala, Updated: 14 Mar, 2024 04:07 PM
लोकसभा चुनाव 2024 से पहले जम्मू-कश्मीर की राजनीति में उथल-पुथल मची हुई है।
जम्मू कश्मीर: लोकसभा चुनाव 2024 से पहले जम्मू-कश्मीर की राजनीति में उथल-पुथल मची हुई है। अनुच्छेद 370 की बहाली के लिए बना 5 दलों पर आधारित गुपकार गठबंधन का अता-पता नहीं है। वहीं, इंडिया गठबंधन में शामिल जम्मू-कश्मीर के 3 दलों की बात करें तो नैशनल कांफ्रैंस और कांग्रेस में खिचड़ी पक रही है। वहीं पी.डी.पी. को दरकिनार किया जा रहा है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री एवं नैशनल कांफ्रैंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला साफ कर चुके हैं कि कश्मीर संभाग की 3 लोकसभा सीटों पर नैशनल कांफ्रैंस ही चुनाव लड़ेगी और इंडिया गठबंधन के साथी दल पी.डी.पी. के लिए कोई सीट नहीं छोड़ी जाएगी। उमर पूरी तरह से मुखर हैं और कांग्रेस के साथ जम्मू संभाग की लोकसभा सीटों पर चर्चा की बात कर रहे हैं।
इससे यह साफ हो गया है कि गुपकार गठबंधन पूरी तरह से टूट चुका है। इसमें शामिल दल नैशनल कांफ्रैंस, पी.डी.पी., सी.पी.आई., अवामी नैशनल कांफ्रैंस और सी.पी.आई. अब अपना अलग-अलग राग अलाप रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि जम्मू-कश्मीर में लोकसभा की 5 सीटें हैं। ऐसे में अगर नैशनल कांफ्रैंस 3 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ती है तो जम्मू संभाग में 2 लोकसभा सीटों पर कांग्रेस चुनाव लड़ सकती है।
ये भी पढ़ेंः- Hotel में महिला के साथ Gang rape, मामले की जांच में जुटी पुलिस
वहीं पी.डी.पी. की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती पूरे घटनाक्रम पर अभी पूरी तरह से मुखर नहीं हुई हैं और खामोशी बनाए हुए हैं। महबूबा ने उपजे हालात में कहा है कि जम्मू-कश्मीर में बने राजनीतिक हालात को लेकर वह जनता के बीच जाएंगी। पी.डी.पी. सूत्रों के अनुसार महबूबा भी लोकसभा की कश्मीर संभाग की सीटों पर उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही हैं।
गुपकार गठबंधन के टूटने और इंडिया गठबंधन में फूट से भाजपा की बल्ले-बल्ले
गुपकार गठबंधन के टूटने और इंडिया गठबंधन में फूट से जम्मू-कश्मीर की राजनीति में भाजपा की बल्ले-बल्ले हो गई है। मुस्लिम बहुल प्रदेश में गुपकार गठबंधन में शामिल दल अगर एक साथ चुनाव लड़ते तो इससे भाजपा के लिए लोकसभा चुनाव के अलावा आगामी विधानसभा चुनावों में भी मुश्किल खड़ी होती। सभी दल अगर अलग-अलग होकर चुनाव लड़ेंगे तो इसका लाभ भाजपा को ही पहुंचेगा।
चौधरी लाल सिंह आज कांग्रेस में हो सकते हैं शामिल
पूर्व सांसद एवं डोगरा स्वाभिमान संगठन के अध्यक्ष चौधरी लाल सिंह 14 मार्च को नई दिल्ली में कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। ऐसे में संभव है कि ऊधमपुर डोडा लोकसभा क्षेत्र से चौधरी लाल सिंह को कांग्रेस का उम्मीदवार भी बनाया जा सकता है। भाजपा इस सीट से पहले ही केंद्रीय मंत्री डा. जितेंद्र सिंह को उम्मीदवार घोषित कर चुकी है।
ये भी पढ़ेंः- Jammu kashmir news : चौधरी लाल सिंह आज कांग्रेस में हो सकते हैं शामिल