Edited By Neetu Bala, Updated: 07 Jul, 2025 01:45 PM

जम्मू संभाग के विभिन्न इलाकों के तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है।
जम्मू : जम्मू संभाग व अन्य आसपास के इलाकों में देर रात और रविवार सुबह तड़के झमाझम बारिश हुई। बारिश के चलते जम्मू के तापमान में -3.8 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई जिसके चलते कुछ घंटों तक मौसम सुहावना रहा।
मौसम विभाग के अनुसार जम्मू कश्मीर में सबसे अधिक बारिश 93.2 मि.मी. रिकार्ड की गई जबकि कटड़ा में 85.8 मिली मीटर बारिश हुई। इसी तरह से राजौरी में 65.5 मि.मी., बनिहाल में 17.9 मि.मी. बारिश और बटोत में 5.8 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण जम्मू संभाग के विभिन्न इलाकों के तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है।
कटड़ा के अधिकतम तापमान में -2 डिग्री सैल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है जिसके चलते वहां का तापमान 30.2 डिग्री सैल्सियस रिकार्ड किया गया है। बटोट का अधिकतम तापमान 3.2 डिग्री की गिरावट के साथ 30.7 डिग्री सैल्सियस रिकार्ड किया गया। बनिहाल का अधिकतम तापमान 1.5 डिग्री की गिरावट के साथ 30.8 डिग्री सैल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं श्रीनगर में रविवार को भी अधिकतर तापमान में बढ़ौतरी दर्ज की गई जिसमें श्रीनगर का अधिकतम तापमान 3 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 33.7 डिग्री सैल्सियस रिकार्ड किया गया।
अगले 3 दिनों तक जम्मू में खराब रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 7 से 9 जुलाई तक जम्मू में सामान्य रूप से बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होगी। जम्मू संभाग के कुछ स्थानों पर देर रात या सुबह के समय तेज बारिश हो सकती है। 10 जुलाई को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। विभाग ने अगले 3 दिनों के दौरान बारिश के कारण भूस्खलन, मिट्टी धंसने और पत्थर गिरने के साथ कुछ संवेदनशील स्थानों पर अचानक बाढ़ आने की चेतावनी दी है। इस दौरान नदियों और स्थानीय नालों के जल स्तर में वृद्धि हो सकती है। विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे खराब मौसम के दौरान नदी, नालों और खड्डों के किनारे न जाएं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here