Edited By VANSH Sharma, Updated: 17 Mar, 2026 05:30 PM

दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम इलाके में सोमवार देर शाम भीषण आग लगने की घटना सामने आई।
श्रीनगर (मीर आफताब): दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम इलाके में सोमवार देर शाम भीषण आग लगने की घटना सामने आई। इस हादसे में एक होटल और एक वाहन को काफी नुकसान पहुंचा, वहीं आग बुझाने के दौरान एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, आग ‘असल रिजॉर्ट’ में अचानक भड़क उठी, जिसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया।
आग बुझाने के दौरान स्थिति उस समय और गंभीर हो गई, जब होटल में रखे कई एलपीजी सिलेंडर एक-एक कर फटने लगे। सिलेंडर फटने से आग पर काबू पाने में काफी दिक्कतें आईं, लेकिन कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर काबू पा लिया गया। इस हादसे में होटल की तीन इमारतें और एक गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
वहीं, राहत कार्य के दौरान एक दुखद घटना भी सामने आई। आग बुझाते समय पीछे हट रहे एक फायर ट्रक की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 31 वर्षीय मंजीत सिंह के रूप में हुई है, जो हटमारा, मट्टन निवासी वकील सिंह का बेटा था। वह पास के ‘वेल लॉज’ में गेटकीपर के रूप में काम करता था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here