Edited By Sunita sarangal, Updated: 07 Oct, 2026 12:14 PM

माननीय प्रधानमंत्री जी के 'वोकल फॉर लोकल' के दूरदर्शी विजन को साकार करने वाली यह योजना स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दिलाने में बेहद सहायक सिद्ध हो रही है।
जम्मू(तनवीर सिंह): उत्तर रेलवे का जम्मू मंडल रेल यात्रियों की सुख-सुविधाओं को आधुनिक बनाने के साथ-साथ स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में एक महत्वपूर्ण विस्तार करते हुए मंडल द्वारा पठानकोट जंक्शन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 1/2 पर एक अतिरिक्त 'वन स्टेशन वन प्रोडक्ट' (OSOP) इकाई खोलने का निर्णय लिया गया है।
माननीय प्रधानमंत्री जी के 'वोकल फॉर लोकल' के दूरदर्शी विजन को साकार करने वाली यह योजना स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दिलाने में बेहद सहायक सिद्ध हो रही है। इस नए यूनिट के माध्यम से क्षेत्र के प्रसिद्ध व्यंजनों, जैसे कि पठानकोट की मशहूर गजक, खट्टा-मीठा आम पापड़ और पारंपरिक स्थानीय रेवड़ी को बिक्री के लिए विशेष रूप से स्वीकृत किया गया है।
रेलवे की इस अनूठी पहल का सबसे बड़ा लाभ यह है कि इससे स्थानीय कारीगरों, हलवाईयों, स्वयं सहायता समूहों (SHGs) और छोटे विक्रेताओं को सीधे रेलवे स्टेशन जैसे विशाल प्लेटफॉर्म पर रोजगार और आत्मनिर्भरता का सुनहरा अवसर प्राप्त होगा। इसके साथ ही, रेल यात्रा के दौरान यात्रियों को भी पठानकोट के शुद्ध, स्वादिष्ट और प्रामाणिक व्यंजन बेहद उचित मूल्यों पर आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे, जिससे क्षेत्र की समृद्ध खाद्य संस्कृति और पहचान को देश के कोने-कोने से आने वाले यात्रियों के बीच एक नया विस्तार मिलेगा। इस द्वितीय OSOP यूनिट के आवंटन का लाभ उठाने के लिए सभी इच्छुक व्यक्ति, स्थानीय कारीगर या आवेदक आवश्यक पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी हेतु पठानकोट जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक से तुरंत संपर्क कर सकते हैं।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जम्मू, श्री उचित सिंघल ने बताया, "कि वन स्टेशन वन प्रोडक्ट योजना का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को बड़ा बाजार देना है। पठानकोट जंक्शन पर द्वितीय OSOP इकाई खुलने से न केवल स्थानीय लोगों को स्वरोजगार मिलेगा, बल्कि यात्रियों को भी विश्वस्तरीय सुविधा के साथ स्थानीय स्वाद का अनुभव मिलेगा। हम सभी इच्छुक स्थानीय लोगों से अपील करते हैं कि वे आगे आकर इस योजना का लाभ उठाएं।"
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here