Edited By Sunita sarangal, Updated: 25 Nov, 2026 06:59 PM

सुबह के सत्र में किसानों को कृषि, बागवानी, पशुपालन और मत्स्य पालन विभाग के विशेषज्ञों द्वारा केंद्र सरकार की किसान-केंद्रित योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई।
जम्मू(रोशनी): झिड़ी मेले में केंद्रीय संचार ब्यूरो सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे आठ दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच अभियान ‘समृद्ध किसान, सशक्त खेती’ का तीसरे दिन भी कार्यक्रम जारी रहा।
सुबह के सत्र में किसानों को कृषि, बागवानी, पशुपालन और मत्स्य पालन विभाग के विशेषज्ञों द्वारा केंद्र सरकार की किसान-केंद्रित योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि किसान किस तरह इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं और आधुनिक व वैज्ञानिक खेती को अपना सकते हैं।
वहीं, शाम का सत्र पूरी तरह से सांस्कृतिक रंग में रंग गया। सी.बी.सी. के सूचीबद्ध कलाकारों के साथ-साथ छात्रों ने भी रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने डोगरी गीत-संगीत और डोगरी डांस से जम्मू की समृद्ध संस्कृति को बढ़ावा दिया। डोगरी लोक नृत्य की प्रस्तुतियों पर दर्शक झूम उठे और तालियों से कलाकारों का हौसला बढ़ाया।
मल्टीमीडिया प्रदर्शनी भी तीसरे दिन श्रद्धालुओं और किसानों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रही। प्रदर्शनी में किसानों की सफलता की कहानियां भी दर्शाई गईं, जिन्होंने सरकारी सहयोग से अपनी जिंदगी बदल दी।
बता दें कि यह अभियान 23 नवम्बर से 30 नवम्बर 2026 तक चल रहा है। सुबह का सत्र सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक और शाम का सत्र शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। हर शाम सी.बी.सी. के कलाकारों द्वारा विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जा रहे हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
जम्मू-कश्मीर की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here