J&K : 72 घंटे की हड़ताल से पेयजल संकट गहराया! बूंद-बूंद पानी को तरसे लोग

Edited By Subhash Kapoor, Updated: 24 Nov, 2026 04:55 PM

j k drinking water crisis deepened by 72 hour strike

पीएचई (लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी) विभाग के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की 72 घंटे की हड़ताल का असर अब आम जनता पर दिखाई देने लगा है। मंगलवार सुबह जब ग्रामीण अपने घरों में पानी के नल खोलने पहुंचे तो नलों से पानी नहीं आया।

परगवाल : पीएचई (लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी) विभाग के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की 72 घंटे की हड़ताल का असर अब आम जनता पर दिखाई देने लगा है। मंगलवार सुबह जब ग्रामीण अपने घरों में पानी के नल खोलने पहुंचे तो नलों से पानी नहीं आया। इसके बाद लोगों को जानकारी मिली कि विभाग के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर चले गए हैं।

कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें मात्र 9,000 रुपये मासिक वेतन मिल रहा है। उनका सवाल है कि आज के महंगाई के दौर में इतनी कम राशि में वे अपने परिवार का पालन-पोषण कैसे करें? बच्चों की शिक्षा, घर का खर्च और अन्य जरूरी आवश्यकताओं को पूरा करना उनके लिए बेहद कठिन हो गया है।

कर्मचारियों ने जम्मू-कश्मीर सरकार से मांग की है कि उन्हें नियमित करने के साथ-साथ उनकी वेतन संबंधी समस्याओं का भी समाधान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को आगे भी बढ़ाया जा सकता है।

वहीं, इस हड़ताल का सीधा असर अखनूर-परगवाल क्षेत्र के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों पर पड़ रहा है। पेयजल आपूर्ति बाधित होने से लोगों के सामने रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पानी उपलब्ध न होने के कारण घरों में भोजन तैयार करने और अन्य घरेलू कार्यों में भी परेशानी हो रही है।

पानी की कमी का सबसे अधिक असर उन मेहनतकश परिवारों पर पड़ रहा है, जिनके सदस्य सुबह काम पर जाने से पहले घर में भोजन तैयार करते हैं और दोपहर का खाना साथ लेकर जाते हैं। ऐसे में यदि घरों में पानी ही उपलब्ध नहीं होगा तो भोजन कैसे तैयार होगा और परिवार अपनी बुनियादी जरूरतें कैसे पूरी करेंगे?

ग्रामीणों का कहना है कि कर्मचारियों की मांगें भी जायज हैं, क्योंकि प्रत्येक व्यक्ति को अपने परिवार का पालन-पोषण करने के लिए उचित वेतन मिलना चाहिए। लेकिन दूसरी ओर, हड़ताल के कारण आम जनता को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या जम्मू-कश्मीर सरकार दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनकी मांगों का समाधान करेगी? सरकार को ऐसा रास्ता निकालना होगा, जिससे कर्मचारियों को उनका अधिकार मिल सके और आम जनता को पेयजल संकट का सामना भी न करना पड़े। यदि हड़ताल आगे बढ़ती है तो अखनूर-परगवाल के ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की समस्या और गंभीर हो सकती है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!